एटीएस-एजीटीएफ ने 24 ठिकानों पर मारे छापे : गैंगस्टरों से जुड़े कई संदिग्ध हिरासत में

निसं
जयपुर (नवयत्न) । संगठित अपराध और गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एटीएस-एजीटीएफ ने गुरुवार तड़के जयपुर शहर में बड़े स्तर पर छापेमारी की। सुबह करीब 5 बजे शहर के 24 स्थानों पर एक साथ दबिश देकर गैंगस्टरों से जुड़े कई संदिग्ध बदमाशों को हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के दौरान हार्डकोर अपराधियों को भी निशाने पर लिया गया। पूरे अभियान की मॉनिटरिंग एडीजी (एजीटीएफ) दिनेश एमएन ने की।
एडीजी (एजीटीएफ) दिनेश एमएन के अनुसार एटीएस-एजीटीएफ को इनपुट मिले थे कि विभिन्न गैंगस्टर जयपुर में अपना नेटवर्क और वर्चस्व स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी आधार पर संगठित अपराध से जुड़े संदिग्धों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया और खोराबीसल (7), झोटवाड़ा (5), करणी विहार (3), करधनी (1), मुरलीपुरा (1), बिंदायका (1), वैशाली नगर (2), मालपुरा गेट (1), कोतवाली (1), आमेर (1) और सोडाला (1) क्षेत्र में छापेमारी की गई। वहीं कार्रवाई के दौरान हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर गैंगस्टर नेटवर्क और उनके सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
एमएन के अनुसार इस कार्रवाई में पुलिस कमिश्नरेट का भी पूरा सहयोग रहा। चयनित स्थानों पर गठित टीमों में क्यूआरटी, डीएसटी, आरएसी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल को लगाया गया। अभियान का नेतृत्व संबंधित डीसीपी ने किया। इस अभियान का उद्देश्य गैंगस्टरों और संगठित अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

You might also like