वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न)। रतनगढ़, पंचायत समिति कार्यालय में तालुका विधिक सेवा समिति द्वारा राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों एवं उनके प्रति कर्तव्यों के विषय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुरेंद्र कौशिक एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अरुण जांगिड़, तालुका सदस्य संतोष बाबू इंदौरिया, सीबीईओ रतनगढ़ संदीप व्यास, अतिरिक्त विकास अधिकारी प्रेम कुमार शर्मा तथा आनंद शर्मा भी मंचासीन रहे।
अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुरेंद्र कौशिक ने वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल एवं उनके संरक्षण हेतु बनाए गए कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं एसीजेएम अरुण जांगिड़ ने सभी उपस्थित लोगों को अपने माता-पिता एवं वरिष्ठजनों के प्रति कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। तालुका सदस्य संतोष बाबू इंदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने माता-पिता एवं घर के बुजुर्गों की सेवा करे, तो वृद्धाश्रमों की आवश्यकता स्वतः समाप्त हो जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान सीबीईओ संदीप व्यास द्वारा एडीजे कौशिक का साफा एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया, वहीं अतिरिक्त विकास अधिकारी प्रेम कुमार शर्मा द्वारा एसीजेएम जांगिड़ का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का मंचिय संचालन भोलेश कुमार शर्मा, ब्लॉक समन्वयक द्वारा किया गया। इस अवसर पर पंचायत समिति कार्यालय स्टाफ मोहन सिंह, अनिल पारीक, सीबीईओ कार्यालय स्टाफ लीलाधर शर्मा, अरविंद शर्मा, पूनम चंद शर्मा, राकेश गहलोत, अध्यापिका पूनम सैन तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।