बाबा साहब का जीवन संघर्ष और समर्पण का प्रतीक : मदन दिलावर
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न)। शिक्षा (विद्यालयी/ संस्कृत) एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर ने रतनगढ़ में डॉ भीमराव अंबेडकर सेवा संस्थान में आयोजित कार्यक्रम ने बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर मूर्ति का अनावरण किया एवं संत सम्मेलन कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण, विधायक पूसाराम गोदारा, पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवां, पूर्व विधायक अभिनेष महर्षि, पूर्व मंत्री खेमाराम मेघवाल सहित जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
इस दौरान मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष और समर्पण का प्रतीक है, जिससे प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ना चाहिए। बाबा साहब के विचार आज भी समाज को समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करते हैं। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार और विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समाज को सुदृढ़, शिक्षित और विकसित बनाने के लिए हमें एकजुट रहना होगा। हम संकल्पित प्रयास करें और आने वाली पीढ़ी को हमारी संस्कृति, संस्कार और सामाजिक परंपराओं से जोड़ें।
हमें रामायण, गीता के श्लोक और अपने सांस्कृतिक विरासत से प्रेरणा लेकर समाज में संस्कारों के विकास पर विशेष ध्यान देना चाहिए। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि बाबा साहब के आदर्श आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। बाबा साहब ने समाज को जो दिशा दी, वह आज भी प्रासंगिक है। पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवां ने कहा कि बाबा साहब के विचार सामाजिक समरसता और समान अधिकारों की नींव हैं।
हमें उनके सिद्धांतों को जीवन में उतारना चाहिए। चूरू विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि हमें बाबा साहब के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके आदर्शों को अपनाकर समाज को आगे बढ़ाना चाहिए। पूर्व विधायक अभिनेष महर्षि ने कहा कि समाज में समानता और न्याय स्थापित करने के लिए बाबा साहब के विचारों का अनुसरण आवश्यक है।
पूर्व मंत्री खेमाराम मेघवाल ने कहा कि बाबा साहब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है। स्वर्गीय रामचंद्र मंडार की पुण्यतिथि के अवसर पर संत सम्मेलन में आध्यात्मिक वातावरण के बीच प्रकाशरामजी महाराज ने भक्ति भाव से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति दी तथा कथा वाचन किया।
सुगनचंद मंडार व पुष्पलता मंडार ने अतिथियों का शाब्दिक स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व प्रधान संतोष मेघवाल, मनभरी देवी, सीईओ श्वेता कोचर, बीडीओ जगदीश व्यास, अर्जुन सिंह फ्रांसा, भागीरथ राठौड़, सूरज, प्रियंका, सुनीलदत्त, गीता देवी, नेहा, संदीप रमन सहित अन्य मौजूद रहे।