महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। सोनी नर्सिंग कोचिंग सेंटर, तारानगर में सोमवार को नर्सिंग विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया गया। यह सेमिनार कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सदस्य कविता द्वारा आयोजित किया गया। जिसमें विद्यार्थियों को आत्म सुरक्षा, जागरूकता एवं समाज में उनकी भूमिका से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। सेमिनार के दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के सदस्यों ने नर्सिंग विद्यार्थियों को वर्तमान समय में सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने, आपातकालीन परिस्थितियों में उचित कदम उठाने तथा महिला सशक्तिकरण के बारे में विस्तार से बताया।

विद्यार्थियों ने भी इस सत्र में सक्रिय भागीदारी निभाई और अपने प्रश्नों के माध्यम से विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के अंत में संस्थान के संचालक राजीव कुमार सोनी ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सेमिनार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होते हैं और उन्हें भविष्य के लिए बेहतर रूप से तैयार करते हैं।