भारत शांति प्रक्रिया में भी योगदान देगा-अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी
कुछ दिन पहले तालिबान ने कहा था कि भारत 40 साल से अफगानिस्तान में नकारात्मक भूमिका निभाता आया है। अब अफगानिस्तान सरकार ने इसका जवाब दिया है। अफगानिस्तान सरकार ने कहा- भारत वो देश है, जिसने हमें सबसे ज्यादा दान दिया। सबसे ज्यादा मदद की। दोनों देश एक-दूसरे का सम्मान करते हैं और ये संबंध अंतरराष्ट्रीय नियमों के हिसाब से हैं।
भारत शांति प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाएगा
अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ग्रान हेवड ने एक इंटरव्यू में तालिबान के आरोप खारिज कर दिए। हेवड ने कहा- भारत ने हमेशा अफगानिस्तान के विकास में सहयोग किया है। हमें उम्मीद है कि वो शांति प्रक्रिया में भी योगदान देगा। उन्होंने कहा, भारत अफगानिस्तान को सबसे ज्यादा दान देने वाले देशों में से एक है। यहां विकास और पुनर्निर्माण में भी योगदान दे रहा है। हम आशा करते हैं भारत और अन्य पड़ोसी देश अफगानिस्तान में शांति लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
भारत के संपर्क में अफगानिस्तान
अफगानिस्तान में शांति और सुलह के लिए अमेरिका के विशेष दूत जालमे खलीलजाद भारतीय अधिकारियों के संपर्क में हैं। वो अफगानिस्तान में शांति स्थापित करने की कोशिशों के तहत भारत यात्रा कर चुके हैं। उन्होंने भारत से इस मामले में सहयोग मांगा था।