थानाधिकारी विश्नोई आत्महत्या मामले में मामला दर्ज

किसी भी पुलिस अधिकारी ने नहीं दी मौत की सूचना-संदीप कुमार

सादुलपुर,(राजेश राजपूत)24 मई। थानाधिकारी विष्णुदत्त विश्नोई आत्महत्या मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में एएसपी भरतराज ने बताया कि श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर थानान्तर्गत गांव बिशनपुरा निवासी संदीप कुमार ने मामला दर्ज करवाकर बताया कि थानाधिकारी विष्णुदत्त विश्नोई उनके बड़े भाई थे एवं थानाधिकारी पद पर सादुलपुर में पदस्थापित थे। 23 मई को साढ़े 11 बजे लगभग टीवी के माध्यम से पता चला कि उनके बड़े भाई विश्नोई की मृत्यु हो गई है।

दर्ज मामले में बताया कि मुझे व मेरे माता-पिता को किसी भी पुलिस अधिकारी की ओर से उनकी मृत्यु की कोई सूचना नहीं दी गई। सूचना के बाद वह अपने गांव से रवाना होकर सादुलपुर पहुंचा तथा उनके बड़े भाई विष्णुदत्त अपने सरकारी आवास के अंदर पंखे से लटके हुए थे।

दर्ज मामले में बताया कि उनके बड़े की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हुई है। इससे पूर्व उन्होंने सादुलपुर पुलिस थाने में मर्ग दर्ज करवाई है। किंतु पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि विष्णुदत्त के दो सुसाइड नोट भी मिले हैं। जिसमें उन्होंने अत्यधिक दबाव में होने एवं चारों तरफ प्रेशर बनाने का लिखा है। साथ में यह भी जानकारी में आया है कि उन्होंने थाना सादुलपुर की रोजनामचा रिपोर्ट में अपने ऊपर आ रहे दबाव एवं प्रेशर के बारे में भी रपट डाली है।

आरोप लगाया कि उनके बड़े भाई को तंग-परेशान किया गया है एवं उस पर अनुचित दबाव डालकर उसे किसी व्यक्ति ने आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया है। पुलिस ने धारा 306 अन्तर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं लूणेवाला गांव में गमगीन माहौल में थानाधिकारी के पुत्र एवं पुत्री ने अपने पिता को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

You might also like