भाजपा नेता सतीश गजराज बने प्रदेश प्रवक्ता, कार्यकर्ताओं में उत्साह
मधु दहिया
बुहाना (नवयत्न)। भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने झुंझुनूं के भाजपा नेता सतीश गजराज को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी है। भाजपा राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी ने सतीश गजराज का प्रदेश प्रवक्ता पद पर मनोनयन किया। सतीश गजराज इससे पहले भाजपा युवा मोर्चा के झुंझुनूं जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। वे जिला परिषद सदस्य भी हैं। संगठन में लंबे समय से सक्रिय सतीश गजराज को विभिन्न अभियानों में उनके कार्य और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारी दी गई है।
संगठन के कई अभियानों में निभाई जिम्मेदारी
सतीश गजराज ने सांसद खेल महोत्सव में अजमेर संभाग प्रभारी और संगठन सृजन अभियान में बीकानेर संभाग सह-प्रभारी सहित संगठन के विभिन्न अभियानों में जिम्मेदारी निभाई है। पार्टी नेताओं के अनुसार, इन अभियानों में उनके कार्य और संगठन के प्रति सक्रियता को देखते हुए उन्हें प्रदेश प्रवक्ता बनाया गया है।
जिलेभर में कार्यकर्ताओं ने जताई खुशी
सतीश गजराज को प्रदेश प्रवक्ता बनाए जाने की खबर के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जिले के विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी जताई। कई जगह आतिशबाजी कर प्रदेश नेतृत्व के निर्णय का स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए सतीश गजराज को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।