राजकीय महाविद्यालय में 12.50 लाख के फर्नीचर का लोकार्पण
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा ने राजकीय महाविद्यालय राजलदेसर में विधायक एवं सांसद कोटे से 12.50 लाख रुपए की लागत से विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध करवाए गए फर्नीचर का लोकार्पण किया। कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में पूर्व पालिका अध्यक्ष हंसराज पारीक, कांग्रेस नगर अध्यक्ष जब्बार खोखर, निवर्तमान नगर पालिका उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश घिंटाला, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष ओमप्रकाश कटारिया , खेमचन्द बरडिया एवं महाविद्यालय प्राचार्य बीरबल महर्षि ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक गोदारा ने कहा कि महाविद्यालय के विकास कार्यों में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। महाविद्यालय में लंबे समय से शिक्षकों के रिक्त पदों की समस्या है, जिसे विधानसभा में उठाकर समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में विधायक रहे नेताओं ने बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन महाविद्यालय में एक टेबल तक उपलब्ध नहीं करवाई गई। उन्होंने कहा कि हम जो वादा करते हैं, उसे पूरा करने का प्रयास करते हैं।
गोदारा ने कहा कि यह महाविद्यालय कांग्रेस सरकार की देन है और स्थानीय वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के अथक प्रयासों से महाविद्यालय के लिए जमीन का आवंटन हुआ। उन्होंने इसके लिए सभी वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार जताया। विधायक ने कहा कि यदि महाविद्यालय में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा विधायक कोटे से लगाई जा सकती है तो वे इसके लिए पूरी कोशिश करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।