झुंझुनूं में भाजपा का चुनावी प्लान तैयार, 60 वार्डों में जीत के लिए घर-घर जाएंगे कार्यकर्ता

सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। नगर परिषद चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को मुनि आश्रम स्थित पटोदिया सभागार में पार्टी पदाधिकारियों, वार्ड प्रभारियों, संयोजकों और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसमें सभी 60 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों की जीत का लक्ष्य तय किया गया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी ने की। संभाग सह प्रभारी विजेंद्र पूनिया, विधायक राजेंद्र भाम्बू, जिला संगठन सह प्रभारी मुकेश गोयल, नगर परिषद चुनाव प्रभारी चेतन कुमावत और राकेश कुमार ने कार्यकर्ताओं को चुनाव की रणनीति के बारे में बताया। संभाग सह प्रभारी विजेंद्र पूनिया ने कहा कि टिकट वितरण में पूरी पारदर्शिता रखी जाएगी। पार्टी के लिए लगातार काम करने वाले निष्ठावान, कर्मठ और जीतने की क्षमता रखने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता मिलेगी। इसके लिए सभी वार्डों में आंतरिक सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के आधार पर मजबूत और जनता के बीच पकड़ रखने वाले उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। विधायक राजेंद्र भाम्बू ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को लेकर कार्यकर्ता घर-घर जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुट मेहनत से सभी 60 वार्डों में भाजपा का कमल खिलेगा। पूर्व जिलाध्यक्ष बनवारीलाल सैनी, जगदीश खाजपुरिया, मंडल अध्यक्ष कमल कांत शर्मा और बिजेंद्र सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बैठक में जिला महामंत्री दलीप सैनी, राजकुमार मोरवाल, आईटी जिला संयोजक सौरभ सोनी, राकेश सहल, निवर्तमान पार्षद कुलदीप पूनिया, प्रमोद जानू, बुधराम सैनी, विजय कुमार सैनी, विनोद जांगिड़, संजय पारीक, संदीप चांवरिया, अशोक प्रजापति, महेश जीनगर, ताराचंद सैनी सहित प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी, वार्ड प्रभारी व संयोजक मौजूद रहे।
दावेदारों से लिए आवेदन
निकाय चुनाव संयोजक विपुल छक्कड़ और सह संयोजक संदीप गोयल ने पार्षद का चुनाव लडऩे के इच्छुक कार्यकर्ताओं से आवेदन लिए। जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी ने कार्यकर्ताओं से सभी वार्डों में मजबूती से चुनाव लडऩे और जीत के लक्ष्य के साथ काम करने का आह्वान किया। मंच संचालन जिला प्रवक्ता संजय मोरवाल ने किया। शहर मंडल अध्यक्ष कमल कांत शर्मा ने आभार जताया।

You might also like