लापता 12वीं की छात्रा का अपार्टमेंट में मिला लहूलुहान शव

डी. के. सैनी

जयपुर (नवयत्न)। करधनी थाना इलाके में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है।जहां शुक्रवार शाम से लापता एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा का शव शनिवार सुबह एक अपार्टमेंट के पोर्च की छत पर लहूलुहान हालत में मिला। मृतका 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने बच्ची की किडनैपिंग के बाद हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है, वहीं पुलिस मर्डर और सुसाइड दोनों एंगल से मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

परिजनों के अनुसार 16 वर्षीय नाबालिग बेटी शुक्रवार शाम करीब साढ़े 7:30 बजे घर से साइकिलिंग करने के लिए निकली थी। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी वह वापस नहीं लौटी, तो चिंतित परिजन उसे ढूंढने निकले। रिश्तेदारों और परिचितों के साथ मिलकर आस-पास की कई कॉलोनियों में तलाश की गई, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। लड़की के रहस्यमयी तरीके से गायब होने पर परिजनों ने रात करीब 10:30 बजे संबंधित थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया। परिजन और रिश्तेदार देर रात करीब 2 बजे तक उसकी तलाश में भटकते रहे।

शनिवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक स्थानीय अपार्टमेंट के फर्स्ट फ्लोर के पोर्च की छत पर एक लड़की का लहूलुहान शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच करने पर शव की शिनाख्त रात को लापता हुई उसी 16 वर्षीय छात्रा के रूप में हुई। जांच के दौरान पुलिस को उस अपार्टमेंट के टॉप फ्लोर पर मृतका का चश्मा और चप्पलें बरामद हुई हैं। पुलिस को अंदेशा है कि छात्रा की मौत टॉप फ्लोर से नीचे गिरने के कारण हुई है।

इस दर्दनाक घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने सीधे तौर पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी का साइकिलिंग करते समय किडनैप किया गया था। किडनैपर उसे जबरन उस अपार्टमेंट में लेकर गया। परिजनों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अपार्टमेंट में चारों तरफ सिक्योरिटी गार्ड्स तैनात हैं, इसके बावजूद बच्ची कब और कैसे अंदर पहुंच गई, किसी को भनक तक नहीं लगी। उनका आरोप है कि नाबालिग को बंधक बनाकर जबरन छत पर ले जाया गया और वहां से नीचे धक्का देकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है।

You might also like