खड़ी नई वेन्यू कार में लगी आग : तीन लाख रुपए और लैपटॉप जले

निसं
जयपुर (नवयत्न)। जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र में होटल मैरियट के पीछे गुरुवार सुबह खड़ी हुंडई वेन्यू कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी कार जलकर खाक हो गई। कार में रखे तीन लाख रुपए नकद और लैपटॉप भी जल गए। सूचना पर पहुंची दमकल ने स्थानीय लोगों की मदद से मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कार मालिक रामफूल गुर्जर ने बताया कि वह पेशे से प्लंबर हैं। गुरुवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे जवाहर सर्किल स्थित एक क्लाइंट के कार्यालय आए थे। उन्होंने अपनी कार होटल मैरियट के पीछे ग्राउंड फ्लोर स्थित कार्यालय के बाहर खड़ी की और अंदर चले गए। कुछ देर बाद बाहर मौजूद लोगों ने कार में आग लगने की सूचना दी। जब तक वह बाहर पहुंचे, कार आग की लपटों से घिर चुकी थी। रामफूल के मुताबिक कार के अंदर तीन लाख रुपए नकद और एक लैपटॉप रखा था, जो आग में जलकर नष्ट हो गए। उन्होंने यह कार 20 जून 2024 को खरीदी थी। उनका कहना है कि महज 15 दिन पहले ही अधिकृत हुंडई सर्विस सेंटर पर कार की सर्विस कराई थी। घटना की सूचना पर जवाहर सर्किल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस आग लगने के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

You might also like