ऑनलाइन दोस्ती कर मिलने बुला कर अपहरण कर एक लाख वसूलने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न)। ऑनलाइन दोस्ती के जरिए युवक को मिलने के बहाने बुलाकर अपहरण करने और मारपीट कर एक लाख रुपए की फिरौती वसूलने का मामला सामने आया है। खोह नागोरियान थाना पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार परिवादी कपिल कुमार जांगिड़ ने 27 अक्टूबर को खोह नागोरियान थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि एक व्यक्ति से उसकी ऑनलाइन दोस्ती हुई थी। आरोपी ने मिलने के बहाने उसे जगतपुरा रेलवे स्टेशन बुलाया। वहां से उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर रिंग रोड की पुलिया के नीचे ले गया, जहां उसके तीन अन्य साथी पहले से मौजूद थे। आरोपियों ने युवक को बंधक बनाकर मारपीट की और उसका मोबाइल फोन, सोने की अंगूठी तथा 10 हजार रुपए छीन लिए। इसके बाद जबरन मोबाइल का लॉक खुलवाकर यूपीआई पिन हासिल किया और ऑनलाइन एक लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। आरोपी उसे अपनी गाड़ी में डालकर करौली ले गए। वहां से पीड़ित किसी तरह उनके चंगुल से निकलकर वापस लौटा। खोह नागोरियान थानाधिकारी सुनील गोदारा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पवन मीणा उर्फ पदम मीणा पुत्र धमसिंह मीणा निवासी शहर कस्बा, तहसील नादौती, जिला करौली है। वह वर्तमान में खोह नागोरियान के इंदिरा गांधी नगर सेक्टर-14 में किराए पर रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अन्य सह-आरोपियों, वारदात में प्रयुक्त कार और लूटे गए सामान की तलाश में जुटी है।

You might also like