बस स्टैंड के सुलभ शौचालय में मिला शव

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। राजधानी के सबसे व्यस्त सिंधी कैंप बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय में शनिवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। शौचालय के भीतर शव पड़े होने के कारण वहां से तेज दुर्गंध आ रही थी। सूचना मिलने पर सिंधी कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे सुलभ शौचालय के ठेकेदार ने पुलिस को वॉशरूम के भीतर एक व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ।

सुलभ शौचालय के ठेकेदार अर्जुन सिंह ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे सफाई कर्मचारी ने उन्हें फोन कर वॉशरूम में शव होने की जानकारी दी। कर्मचारी ने बताया कि सफाई के लिए पहुंचने पर शौचालय का गेट काफी देर से बंद था। कई बार आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसने दीवार पर चढ़कर देखा तो एक व्यक्ति मुंह के बल पड़ा हुआ था और आसपास खून फैला हुआ था।

पुलिस के अनुसार शौचालय का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर करीब 40 से 45 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव के आसपास काफी मात्रा में खून जमा था, जिससे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एम्बुलेंस के माध्यम से एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। साथ ही जांच को प्रभावित होने से बचाने के लिए सुलभ शौचालय को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

सिंधी कैंप थानाधिकारी माधो सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।

बस स्टैंड परिसर में शव मिलने की खबर फैलते ही यात्रियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। दिनभर घटनास्थल के आसपास लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

You might also like