तेलीरोड तिराहे पर टूटा नाला बना हादसों का खतरा

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। शहर के तेलीरोड स्थित पुरानी फाटक के पास तिराहे पर क्षतिग्रस्त नाला राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। टूटे चैंबर से दिनभर नाले में वाहन फंस रहे हैं, जिससे यहां कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। हैरानी की बात यह है कि महज सात माह पहले ही नाला निर्माण एवं चैंबर बनाने के नाम पर लाखों रुपए खर्च किए गए थे, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता ऐसी रही कि नाला एक महीने के भीतर ही टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के अनुसार 30 मार्च को गली नंबर एक से पुरानी रेलवे फाटक तक नाला निर्माण एवं चैंबर का निर्माण कार्य शुरू किया गया जिसमें नगरपालिका द्वारा 6.52 लाख रुपए खर्च किए गए थे। लेकिन निर्माण के कुछ ही समय बाद नाला टूटने लगा और अब तिराहे पर बनाए गए चैंबर और लोहे की जाली टूटने से इसकी हालत बदतर हो चुकी है। नाले में बने गड्ढे के कारण वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई वाहन इसमें फंस रहे हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
निर्माण की गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल
नाला और चैंबर निर्माण के लिए लाखों रुपए खर्च होने के बावजूद इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त हो जाना निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर निर्माण के दौरान किन मानकों का पालन किया गया ? यदि कार्य गुणवत्तापूर्ण था, तो नाला महज एक महीने में ही टूटकर कैसे क्षतिग्रस्त हो गया ? क्या निर्माण कार्य के दौरान अधिकारियों ने मौके पर आकर इसकी जांच की थी और क्या संबंधित एजेंसी की कोई जवाबदारी तय की गई है ?
शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं
स्थानीय लोगों एवं पार्षदों की निरंतर शिकायतों के बावजूद भी अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। क्षतिग्रस्त नाले के कारण आमजन को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है, वहीं वाहन चालकों के लिए यह स्थान दुर्घटना का केंद्र बनता जा रहा है।

You might also like