रेलवे भूमि पर चला बुलडोजर, अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
निसं
सिंघाना (नवयत्न)। रेलवे विभाग ने मंगलवार को अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे की जमीन पर किए गए कब्जों को हटाना शुरू किया। जेसीबी मशीनों की मदद से रेलवे लाइन के दोनों ओर बने कच्चे-पक्के मकानों और अन्य निर्माणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजस्थान पुलिस के जवान मौके पर तैनात रहे।
जानकारी के अनुसार, पहले यहां छोटी रेलवे लाइन बिछी हुई थी, जिस पर हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (HCL) के तांबे के परिवहन के लिए मालगाड़ियों का संचालन होता था। बाद में लाइन बंद होने और पटरियां उखाड़े जाने के बाद लोगों ने रेलवे की जमीन पर कब्जा कर लिया था।
यह अभियान नारनौल रेलवे सेक्शन के इंचार्ज जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। उनके साथ जूनियर इंजीनियर सरवन मीणा सहित रेलवे विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रेलवे की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। बताया जा रहा है कि डाबला से चिड़ावा तक नई रेलवे लाइन के प्रस्ताव को देखते हुए यह कार्रवाई और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हलचल का माहौल रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।