खनन विभाग की टीम पर हमले का मामला, सरकारी वाहन में तोड़फोड़ कर राजकार्य बाधा पहुंचाने पर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज 

 

निसं 

खेतड़ी (नवयत्न ) । उपखंड के कालोटा गांव में अवैध पत्थर खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग और खनन विभाग की संयुक्त टीम पर हमला कर देने के मामले में देर शाम को सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बबाई थाने में सहायक वन संरक्षक कमलचंद ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 22 अप्रैल की शाम को मुखबिर से सूचना मिली कि कालोटा गौशाला के पास वन विभाग की भूमि पर जेसीबी मशीन से अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना पर जिला वन अधिकारी से चर्चा के बाद वन विभाग की टीम में सहायक वन संरक्षक कमलचंद, सहायक वन संरक्षक हरेंद्र भाकर व सहायक वनपाल पिंकू कुमार राजकीय वाहन से मौके के लिए रवाना हुए। इसी दौरान खनन विभाग के खनिज कार्यदेशक प्रथम रमेश चंद्र भी अपनी टीम के साथ कार्रवाई के लिए निकले।

रात्रि करीब 10 बजे टीम कालोटा में गौशाला के पास पहुंची, लेकिन मौके पर कोई जेसीबी नहीं मिली। इसके बाद टीम मुख्य सड़क पर लौट आई और दोनों विभागों के कुछ वाहनों व स्टाफ को सड़क पर खड़ा कर दिया गया। वहीं कुछ कर्मचारी पहाड़ी की ओर खनन के गड्ढों (पिट्स) की जांच करने चले गए।इसी दौरान पीछे से 10-12 लोग एक राय होकर मौके पर पहुंचे और वहां खड़ी गाड़ियों व स्टाफ पर हमला कर दिया। हमलावरों में कालोटा निवासी नागरमल गुर्जर, कालूराम गुर्जर, प्रकाश गुर्जर, शैतान सिंह, सुमेर व अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। हमले में खनन विभाग के कर्मचारियों तथा वन विभाग के चालक को चोटें आईं और खनन विभाग के राजकीय वाहन के शीशे तोड़ दिए गए। स्थिति गंभीर होते देख टीम के सदस्य जान बचाकर सरकारी वाहन से मौके से भागे और बडाऊ की ओर रवाना हुए। हमलावरों ने उनका पीछा काले रंग की स्कॉर्पियो से किया, जिसे हीरालाल पहलवान निवासी कालोटा का बताया गया है।

भागते समय टीम ने पहाड़ी पर जांच कर रहे अपने अन्य स्टाफ को सूचना दी कि वे पुलिस आने तक छिपकर सुरक्षित रहें। इसके तुरंत बाद डीएसपी व बबाई थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचने के बाद सभी टीम सदस्य सुरक्षित बबाई थाने पहुंचे। पुलिस ने इस मामले में नागरमल, कालूराम, प्रकाश, शैतान सिंह, सुमेर व हीरालाल सहित सात लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

You might also like