स्लीपर बस पुलिया से नीचे लटकी:पेड़ की ओड़ से टला बड़ा हादसा
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । करणी विहार थाना इलाके में शुक्रवार दोपहर स्लीपर बस अनियंत्रित होकर पुलिया पर लटक गई। गनीमत रहीं बस एक पेड़ की ओड़ में आकर नीचे गिरने से बच गई। जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया और पुलिया के नीचे राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। वहीं हादसे को देखते हुए पुलिया के नीचे से गुजरने वाले वाहनों को ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत थोड़ा दूर रोक दिया। जिसके चलते स्लीप लाइन का भी यातायात अवरुद्व हो गया। पुलिस ने क्रेन की सहायत से क्षतिग्रस्त स्लीपर बस को पुलिया से हटाया और यातायात सुचारु किया।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार करीब एक बजे विश्वकर्मा में स्थित एक गैराज से स्लीपर बस सर्विस करवा कर हीरापुरा बस स्टैण्ड की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक्सप्रेस हाईवे पुलिया पर तेज रफ्तार ट्रक ने बस को गलत तरीके से ओवरटेक किया। जिसके चलते बस अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे लटक गई। बताया जा रहा है हादसे के वक्त बस में सिर्फ चालक और खलासी थे और पुलिया के नीचे लाल बत्ती पर यातायात रुका हुआ था। गनीमत रहीं बस पुलिया की रैलिंग तोड़ते हुए एक पेड़ की ओट से नीचे गिरने से बच गई। फिलहाल इस मामले बस चालक ने कोई मामला दर्ज नहीं कराया है।