अजनबियों से डरें अभियान में बच्चों को दी सुरक्षा की जानकारी
सुरेन्द्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। राजस्थान पब्लिक स्कूल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झुंझुनूं के तत्वावधान में परिवर्तनकारी मंगलवार अभियान के तहत अजनबियों से डरें जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुभा सिंह रहीं। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुभा सिंह ने विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को हर अनजान व्यक्ति पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए। किसी अनजान व्यक्ति के बहकाने या किसी अप्रिय स्थिति में फंसने पर घबराने के बजाय तुरंत माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को जानकारी दें। उन्होंने बच्चों को उनके मूलभूत अधिकारों और बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों, जिसमें पॉक्सो कानून भी शामिल है, की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों से भी बच्चों के साथ खुलकर संवाद करने की अपील की, ताकि बच्चे बिना डर के अपनी समस्याएं साझा कर सकें। कार्यक्रम में प्रधानाचार्या निधि सिहाग ने अतिथि एवं उपस्थित लोगों का आभार जताया। इस दौरान प्रधानाचार्य शुभकरण खीचड़, सुधीर शर्मा, मंगलाराम जांगिड़, अनीता, दलीप कुमार, मनीष सैनी, रामप्रताप सहित स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।