सहपाठी समूह का स्नेह मिलन समारोह सम्पन्न, आंगनबाड़ी स्टाफ का किया सम्मान
विनोद स्वामी
डूंडलोद (नवयत्न) । डूंडलोद के सामुदायिक भवन में मित्रता दिवस के अवसर पर रविवार को रामचन्द्र गोयनका स्कूल पूर्व सहपाठी समूह (1967–1974) का छठा वार्षिक स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता वयोवृद्ध शिक्षक महावीर प्रसाद शर्मा ने की जबकि शिक्षाविद डॉ. के.डी. यादव मुख्य अतिथि रहे। नवलगढ़ सीडीपीओ संदीप कुमार, गोयनका हॉस्पिटल के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बी.बी. रावल एवं सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षक रामेश्वर लाल बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। समूह के सदस्यों ने अतिथियों का माल्यार्पण, दुपट्टा ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी महिला पर्यवेक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का माल्यार्पण, दुपट्टा एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कस्बे के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए संस्थान प्रधानों , पत्रकारों एवं विशिष्ट जनों को भी सम्मानित किया गया।समूह के वरिष्ठ सदस्य विष्णु दत्त शर्मा ने स्वागत भाषण दिया तथा समूह की गतिविधियों की जानकरी दी। कार्यक्रम का संचालन मुकेश पारीक ने किया।शंकरलाल शर्मा ने आभार प्रकट किया। शेरसिंह धाभाई के नेतृत्व में राष्ट्र गान के साथ समारोह सम्पन्न हुवा।समारोह में बड़ी संख्या में समूह के सदस्य एवं प्रबुद्ध जन उपस्थित थे।
इससे पूर्व समूह के सदस्यों ने रतीबन जी आश्रम परिसर में सघन पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उल्लेखनीय है कि समूह द्वारा अब तक आयोजित पांच सालाना समारोहों में शिक्षक, पुलिस एवं पैरा मिलिट्री स्टाफ, डॉक्टर एवं नर्सिंग स्टाफ को सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा समूह के सदस्यों द्वारा वर्ष पर्यन्त पौधारोपण अभियान चलता रहता है।