कॉपर में सीएनजी पम्प शुरू

निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न)। केसीसी टाउनशिप के आजाद मार्केट के पास स्थित इंडियन पेट्रोल पंप पर गुरुवार शाम सीएनजी पंप का शुभारंभ किया गया। पंप संचालक मनभरी देवी कटेवा व यशवर्धन ने फीता काटकर सीएनजी पंप का उद्घाटन किया। आईओसी चीफ मैनेजर सीताराम मीणा ने बताया कि सीकर और झुंझुनू जिले में खेतड़ी नगर सहित अब तक 36 सीएनजी पंप शुरू किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि पेट्रोल-डीजल की तुलना में सीएनजी का उपयोग करने वाले वाहन चालकों को ईंधन खर्च में करीब 15 से 20 प्रतिशत तक की बचत हो सकती है। खेतड़ी क्षेत्र में सीएनजी पंप शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ दूसरे राज्यों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भी सुविधा मिलेगी। पंप संचालक मनभरी देवी ने बताया कि खेतड़ी क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु खाटूश्यामजी और सालासर बालाजी जाते हैं। सीएनजी वाहनों के सामने रास्ते में गैस भरवाने की समस्या रहती थी और कई बार इसके लिए हरियाणा तक जाना पड़ता था। अब खेतड़ी नगर में ही सीएनजी उपलब्ध होने से स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनका परिवार करीब 50 वर्षों से पेट्रोल पंप के माध्यम से क्षेत्रवासियों को सेवा दे रहा है। खेतड़ी क्षेत्र में सीएनजी सुविधा शुरू करना इसी सेवा को आगे बढ़ाने का प्रयास है। इस मौके पर आईओसी मैनेजर प्रवीण कुमार, उम्मेद सिंह, सहीराम सहित पंप स्टाफ एवं क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।

You might also like