अरुण और सुनिकेत ने गौसेवा कार्य कर मनाया जन्मदिन
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। दिवराला ग्राम पंचायत की मुरली जोहड़ी स्थित श्रीकृष्ण गौशाला में गौशाला प्रबंधन अध्यक्ष एवं राधाकृष्ण मंदिर संत किशनदास महाराज के सान्निध्य एवं सद्प्रेरणा से सुनिकेत शर्मा पुत्र सुशील कुमार शर्मा और अरुण शर्मा पुत्र कृपाशंकर शर्मा ने अपना-अपना जन्मदिन अनूठे अंदाज में मनाया। सुनिकेत शर्मा ने अपने जन्मदिन पर 2 पेड़ श्रीकृष्ण गौशाला परिसर में लगाए और 3 पेड़ श्मशान स्थल पर लगाए। श्रीकृष्ण गौशाला में गौवंश हेतु 50 किलोग्राम दलिया दिया तथा श्रीकृष्ण गौशाला में चल रहे निर्माण कार्य हेतु 5 सीमेंट के कट्टे देकर एक अनुकरणीय पहल की। वहीं अरुण शर्मा एनएसयूआई प्रदेश महासचिव ने गौवंश खातिर 50 किलोग्राम दलिया, 10 किलोग्राम शक्कर एवं रुपये 11 सौ नकद देकर प्रेरणादाई पहल की। श्रीकृष्ण गौशाला प्रबंधन अध्यक्ष एवं राधाकृष्ण मंदिर के संत किशनदास महाराज के नेतृत्व में श्रीकृष्ण गौशाला कार्यकारिणी ने दोनों सेवाभावी युवकों का माला पहनाकर, साफा बंधवाकर एवं जन्मदिन केक कटवाकर जन्मदिन सेलेब्रेट किया। इस जन्मदिन समारोह के अनूठे अवसर पर किशनदास महाराज, जयसिंह शेखावत, कृपाशंकर शर्मा, सुशील शर्मा, ओमपाल सिंह शेखावत, गोपाल यादव, गोपाल सैनी, अनिल सैनी, पूर्व सरपंच गंगाराम सैनी, वर्तमान सरपंच रामावतार सैनी लाठा, पूर्व सरपंच शंकर सिंह शेखावत सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।