एनसीडी स्क्रीनिंग, सर्वे और फॉलोअप गुणवत्तापूर्वक करें

सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। जिला मुख्यालय पर स्वास्थ्य भवन में बुधवार को एनसीडी कार्यक्रम की समीक्षा बैठक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक महरिया के निर्देशन में हुई। बैठक में उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नितेश शर्मा ने ब्लड प्रेशर, शुगर, कैंसर व अन्य नोन कम्यूनिकेबल डिजीज की ब्लॉक व सैक्टर व सीएचओ वार स्क्रीनिंग, सर्वे और फॉलोअप प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी सीएचओ को एनसीडी का कार्य गुणवत्तापूर्वक करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सीएचओ को अपने सब सेंटर के क्षेत्र में 40 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही एनसीडी पोर्टल पर समय पर इंट्री करने के निर्देश दिए। उन्होंने लक्ष्य के अनुसार प्रगति अर्जित करने पर जोर देते हुए विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों व गतिविधियों का सैक्टर स्तर पर सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला लेखा प्रबंधक एनसीडी मुकेश कुमार सैनी व जिले में कार्यरत सभी सीएचओ मौजूद रहे।

You might also like