बारिश की कमी से फसलें खराब, 16 सितंबर को एसडीएम को देंगे ज्ञापन
मधु दहिया
बुहाना (नवयत्न)। बारिश की कमी से फसल खराब होने के बाद किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर बाबा सीतानाथ आश्रम कुई में किसान सभा की। सभा की अध्यक्षता ओमप्रकाश झारोडा ने की। किसानों ने कहा कि सूखे जैसे हालात के कारण फसलें बर्बाद हो गई हैं, लेकिन उन्हें अब तक राहत नहीं मिल पाई है। सभा में जैतपुर, झारोडा, ईस्माइलपुर, कुहाड़वास-रायली, भूरीवास, बलोदा, ठोठी गादली और काजला सहित आसपास के गांवों के किसान शामिल हुए। किसानों ने फसल बीमा के बावजूद क्लेम प्रक्रिया में देरी और समय पर राहत नहीं मिलने की शिकायत भी रखी। लंबी चर्चा के बाद किसानों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 16 सितंबर को उपखंड अधिकारी को सामूहिक रूप से ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस दिन विभिन्न गांवों से किसान उपखंड कार्यालय पहुंचकर फसल खराबे का मुआवजा और फसल बीमा क्लेम जल्द दिलाने की मांग करेंगे। सभा में सरपंच मनोज चौधरी, रमेश भालोठिया, सतीश चौधरी, राजकुमार, जयभगवान, उम्मेद सिंह, छल्लू साहब, रामपाल, सुनील और रविन्द्र महास्य सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।