खोरा बिसल थाने में शनिवार को पुलिस कमिश्नर करेंगे जनसुनवाई

निसं
जयपुर (नवयत्न)। आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय कायम रखने तथा पुलिस और आमजन के बीच संवाद मजबूत करने के उद्देश्य से जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल 28 नवंबर शनिवार को पुलिस थाना खोरा बिसल में जनसुनवाई करेंगे। जनसुनवाई दोपहर 11:30 बजे से 1:30 बजे तक आयोजित होगी। इस दौरान झोटवाड़ा सर्किल के पांच पुलिस थानों खोरा बिसल, झोटवाड़ा, करधनी, मुरलीपुरा और कालवाड़ क्षेत्र के परिवादियों की शिकायतें सुनी जाएंगी। पुलिस कमिश्नर संबंधित परिवादियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और परिवेदनाओं की जानकारी लेंगे। साथ ही शिकायतों का त्वरित निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा.निर्देश दिए जाएंगे। पुलिस की ओर से आमजन की समस्याओं के समाधान और परिवेदनाओं के शीघ्र निस्तारण के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों में इस तरह की जनसुनवाई आयोजित की जा रही हैं। इसके तहत जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल की ओर से पूर्व में झोटवाड़ा, सांगानेर, शिप्रापथ, विद्याधर नगर, भांकरोटा, बस्सी, शिवदासपुरा, चौमू, आमेर, रामगंज, चित्रकूट, मालवीय नगर, जामडोली, करधनी और प्रताप नगर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में परिवादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा चुका है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना, पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना और पीड़ितों को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराना है।

You might also like