ग्रामीण क्षेत्रों में तेज अंधड़ के साथ ओलावृष्टि से हुआ नुकसान
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । क्षेत्र में रविवार रात्रि को तेज अंधड़ से चारों ओर रेत ही रेत फैल गई। तारानगर तहसील के कई गांवों में तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई व बारिश के साथ छोटे-बड़े आकार के ओले भी गिरे जिससे काफी नुकसान हुआ। झाड़सर कांधलान, झाड़सर छोटा, डाबड़ी सहित कई गांवों में आ अंधड़ के साथ ओले गिरने से वाहनों, मकानों के खिड़कियों के शीशों को नुकसान हुआ। घरों के टिन शेड, छपर आदि उड़ गए। वंही पेड़ों पर लगे सैंकड़ों फूल व फल झड़ गए एवं खेतों में उगाई गई सब्जी की बेल नष्ट हो गई। झाड़सर कांधलान गांव के किसान रामकुमार लुहार ने बताया कि उन्होंने अपने 3 बीघा जमीन पर सब्जी की फसल उग रखी थी जो तेज अंधड़, बारिश व ओले पड़ने से एकदम नष्ट हो गई। वंही उनके मास्टर प्रेमचंद धायल के घर पर लगे चीकू के पेड़ के सारे कच्चे-पक्के फल झड़ गए। जमीन पर पतों व चीकू के फल की चादर सी बिछ गई। कई अन्य गांवों में भी तेज अंधड़ व ओले गिरने से घरों, विद्युत लाइन व पेड़-पौधों को नुकसान हुआ है।