कांग्रेस नेताओं ने नगरपरिषद पर शुरू किया अनिश्चितकालीन धरना
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । सुजानगढ़ नगरपरिषद कार्यालय पर कांग्रेस नेताओं ने अजय ढेनवाल के नेतृत्व में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। नेहरू पार्क में बाबा साहेब डाॅ. भीमराव आंबेडकर, महाकवि पद्मश्री कन्हैयालाल सेठिया, स्वतंत्रता सेनानी और कवि पं. गिरीशचंद्र मिश्र की मूर्तियां लगाने, सफाई व्यवस्था में ट्रैक्टर्स के टेंडर समय पर कर जनता को राहत पहुंचाने की मांग को लेकर धरना शुरू किया गया है। धरनार्थियों की ओर से प्रशासन को भेजे गए ज्ञापन में बताया गया है कि ट्रेक्टर ट्रोली मय ड्राईवर डीजल श्रमिक औजार सहित निविदा लगाये जाने के बाद भी 30 मार्च तक टेंडर नहीं खोला गया। इसके बाद भी इस टेंडर को नहीं खोला जा रहा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कार्यवाहक आयुक्त गिरधारीलाल पारीक, सहायक अभियन्ता चारवी, कार्यवाहक सफई निरीक्षक मुन्नालाल मीणा ने पुराने ठेकेदार से साठ-गांठ करके पुराने टेन्डर की समय अवधि बढ़ाकर निविदा को केन्सिल करने का कुप्रयास भी किया। इसी प्रकार गांधी चैक स्थित नेहरू पार्क को भी जनता के लिए खोलकर यहां पर बाबा साहेब डाॅ. भीमराव आंबेडकर, महाकवि पद्मश्री कन्हैयालाल सेठिया, स्वतंत्रता सेनानी और कवि पं. गिरीशचंद्र मिश्र की मूर्तियां लगाने की आवश्यकता है, क्योंकि आमजन की सुविधार्थ बने इस पार्क पर वर्षो से ताला लगा है, जिसके कारण जनता को परेशानी होती है। धरनार्थियों ने बताया कि जब तक मांगे नहीं मानी जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरने पर पहले दिन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप तोदी, कांग्रेस नेता सिराज खान कायमखानी, इकबाल खान, अजय ढेनवाल, इस्माईल खान, मधु बागरेचा, राजेश, सुनीता रावतानी, विक्रम, चांदाराम, हंसराज सियोता, मुकेश गोयल, शशिकांत तेजस्वी, पवन ढेनवाल, बिलाल, पवन आदि ने शिरकत की।