समर्पण दिवस मनाया, बाबा हरदेव सिंह महाराज के आदर्शों पर चलने का किया आह्वान

निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । केसीसी के सुभाष मार्केट स्थित जैन मंदिर में बुधवार को संत निरंकारी मंडल शाखा कॉपर के तत्वावधान में निरंकारी बाबा हरदेव सिंह महाराज की स्मृति में समर्पण दिवस समागम का आयोजन किया गया। समागम में दांता से पधारे महात्मा भंवरलाल ने प्रवचन देते हुए कहा कि बाबा हरदेव सिंह महाराज ने पूरी मानवता को प्रेम, भाईचारे, करुणा और निस्वार्थ सेवा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन का वास्तविक उद्देश्य मानव सेवा और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देना है। जब व्यक्ति अहंकार छोड़कर समर्पण भाव से कार्य करता है, तभी जीवन सार्थक बनता है। उन्होंने कहा कि संत महापुरुष हमेशा मानवता को जोड़ने का कार्य करते हैं तथा समाज में प्रेम और शांति का संदेश फैलाते हैं। वर्तमान समय में बाबा हरदेव सिंह महाराज के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में सौहार्द और एकता को मजबूत किया जा सकता है। कार्यक्रम आयोजक घनश्यामदास ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 13 मई को समर्पण दिवस बाबा हरदेव सिंह महाराज की स्मृति में मनाया जाता है। यह दिवस उनके प्रेम, करुणा, सेवा और मानव कल्याण के आदर्शों को समर्पित है। समागम के अंत में श्रद्धालुओं ने मानव सेवा और समाज कल्याण के कार्यों में सहभागी बनने का संकल्प लिया। सत्संग के पश्चात लंगर का आयोजन किया गया। संचालन राजपाल यादव ने किया। इस मौके पर विमला, कृष्णा, कविता, रूचिका, तमन्ना, अनुप, रामरती, माया, अंजना, गीता देवी, प्रेम, निरंजन, जयदीप, किशोर, रधुवीर, हंसराज, सुभाष, सूरज मान, बाबूलाल, सुरेंद्र शर्मा आदि श्रद्धांलूओं ने सत्संग में भाग लिया।

You might also like