बेटी रितू ने रचा इतिहास, सेकेंड ग्रेड मैथ में चयन से बावरिया समाज का बढ़ाया मान

प्रवीण कुमार योगी 
पाटन (नवयत्न)। प्रतिभा और मेहनत के दम पर राजपुरा निवासी कैलाश बावरिया की पुत्री रितू ने सेकेंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा में गणित विषय से चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे बावरिया समाज का नाम रोशन किया है। रितू राजपुरा बावरिया समाज की पहली बेटी हैं जिन्होंने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।रितू की इस सफलता पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। समाज के लोगों ने इसे बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में प्रेरणादायक उपलब्धि बताया। इस अवसर पर प्रशासक मुकेश मीणा ने रितू को साफा पहनाकर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि रितू की सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी और वे शिक्षा के क्षेत्र में नए मुकाम हासिल करने के लिए प्रोत्साहित होंगी।समाज के गणमान्य लोगों एवं ग्रामीणों ने रितू और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है। रितू की मेहनत, लगन और समर्पण ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। रितू की इस ऐतिहासिक सफलता पर परिजनों, समाजबंधुओं एवं ग्रामीणों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
You might also like