सड़क किनारे सुगम रास्ता बनाने की मांग, ग्रामीणों ने एसडीएम एवं तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
निसं
तारानगर (नवयत्न)। तहसील के ग्राम बुचावास में किसानों एवं पशुपालकों की सुरक्षा तथा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सात मील से लेकर बुचावास की गौशाला तक सार्वजनिक निर्माण विभाग पीडब्ल्यूडी की सड़क के दोनों ओर किसानों और पशुधन के आवागमन के लिए सुगम रास्ता बनाने की मांग की गई। पूर्व जिला परिषद सदस्य मदन सहारण के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने प्रशासन को अवगत करवाया कि उक्त सड़क मार्ग पर किसानों को अपने खेतों तक आने.जाने तथा पशुपालकों को भेड़-बकरियों एवं अन्य पशुधन को लेकर आवागमन करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सड़क के दोनों ओर कंटीली झाड़ियां एवं अन्य अवरोध होने के कारण पशुधन और किसानों को मजबूरन मुख्य सड़क पर चलना पड़ता है। इससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों पूर्व इसी सड़क मार्ग पर इनोवा गाड़ी की टक्कर से लगभग 50 भेड़-बकरियों की मौत हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे से पशुपालकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। इसी प्रकार कुछ समय पूर्व ऊंटगाड़ी पर जा रहे एक किसान परिवार को वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता एवं रोष व्याप्त है। दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उठाई मांग पूर्व जिला परिषद सदस्य मदन सहारण ने कहा कि क्षेत्र में किसानों एवं पशुपालकों का आवागमन लगातार बना रहता है। खेतों में जाने वाले किसानों और पशुधन को मुख्य सड़क से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि यदि सड़क के दोनों ओर पर्याप्त जगह पर सुगम रास्ता तैयार कर दिया जाए तथा कंटीली झाड़ियों को हटाकर रास्ते की सफाई करवा दी जाए तो काफी हद तक दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी दुर्घटना के बाद प्रशासन के समक्ष इस समस्या को उठाया गया था तथा वार्ता के माध्यम से समाधान करवाने का प्रयास किया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। इसी को लेकर अब पुन: ग्रामीणों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सात मील से बुचावास गौशाला तक सड़क के दोनों ओर आवागमन योग्य रास्ता तैयार करवाने की मांग की है। प्रशासन ने दिया शीघ्र समाधान का आश्वासन ज्ञापन प्राप्त करने के बाद तहसीलदार एवं उपखंड अधिकारी प्रियंका कड़ेल ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि किसानों एवं पशुपालकों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द रास्ते को सुगम बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का स्थायी समाधान करवाया जाए, ताकि भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं में किसानों, पशुपालकों एवं बेजुबान पशुओं की जान जाने से बचाया जा सके।