ग्राम पंचायत के पुराने पट्टों के नवीनीकरण की मांग, नगरपालिका को सौंपा ज्ञापन
प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । नगरपालिका दांता में शहरी सेवा शिविर-2026 में क्षेत्र के नागरिकों ने ग्राम पंचायत के समय जारी किए गए पुराने आवासीय पट्टों के नवीनीकरण की मांग को लेकर अधिशाषी अधिकारी भूपेश कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम पंचायत दांता द्वारा 28 दिसंबर 1988 को जारी किए गए पट्टों का अब नगरपालिका के माध्यम से नवीनीकरण कराया जाना आवश्यक है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि संबंधित पट्टाधारक लंबे समय से अपने पट्टों के नवीनीकरण की मांग कर रहे हैं, ताकि उनके भू-अधिकार संबंधी दस्तावेज अद्यतन हो सकें और भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक या कानूनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
इस दौरान बड़ी संख्या में पट्टाधारकों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर प्रशासन से मांग की है कि पुराने ग्राम पंचायत पट्टों का शीघ्र सत्यापन कर नियमानुसार उनका नवीनीकरण किया जाए। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि नगरपालिका प्रशासन उनकी मांग पर सकारात्मक कार्रवाई करते हुए जल्द समाधान करेगा। इस दौरान बंशीलाल रैगर, जोधाराम, कजोड़मल रैगर, श्रवण कुमार रैगर, भंवरलाल रैगर, रूपचंद, मनोज कुमार खाण्डेकर, राहुल गढ़वाल, घनश्याम, सुवालाल, नरेन्द्र कुमार गजराज, हरदयाल, गोविन्दराम, अशोक कुमार, कृष्ण गोपाल, गणेशराम, बलदेव, केशरमल आदि मौजूद रहे।