राजोता स्टेडियम से अवैध कब्जे हटाने की मांग, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी उपखंड के राजोता ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने क्षेत्र के एकमात्र खेल स्टेडियम पर हुए कथित अवैध कब्जे को हटाने और उसे पुनः सार्वजनिक घोषित करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन उपखंड अधिकारी के माध्यम से भेजा गया। रामनिवास लादी के नेतृत्व में दिए ज्ञापन में बताया गया कि राजोता ग्राम एवं आसपास के करीब 10 गांवों के युवाओं के लिए यह स्टेडियम खेल गतिविधियों, सेना भर्ती और अन्य सुरक्षा बलों की शारीरिक तैयारी का प्रमुख केंद्र रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों ने कथित रूप से जालसाजी कर सार्वजनिक स्टेडियम की भूमि का नामांतरण अपने नाम करवा लिया है तथा अब उस पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस स्टेडियम से अब तक लगभग 700 से अधिक युवा सेना, पुलिस एवं अन्य सुरक्षा बलों में भर्ती होकर देश सेवा कर चुके हैं। ऐसे में यदि स्टेडियम पर कब्जा हो जाता है तो क्षेत्र के युवाओं के खेल और भर्ती की तैयारियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इस मामले को लेकर ग्रामीणों में रोष का माहौल है। ज्ञापन में प्रशासन से स्टेडियम की भूमि पर हुए कथित अवैध कब्जे की निष्पक्ष जांच कराने, जालसाजी से हुए नामांतरण को निरस्त करने तथा स्टेडियम को पुनः सार्वजनिक संपत्ति घोषित करने की मांग की गई है। साथ ही स्टेडियम को अतिक्रमण मुक्त कर युवाओं के खेल एवं भर्ती प्रशिक्षण के लिए सुरक्षित रखने की अपील भी की गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो हजारों युवाओं के भविष्य पर संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे का शीघ्र समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। ज्ञापन पर राजोता ग्राम के ग्रामीणों के हस्ताक्षर किए गए हैं। इस मौके पर रामनिवास लादी, अनिल कुमार, बनवारीलाल, प्रदीप कुमार, संजय कुमार, सुमित, कैलाश चंद, सुनील, राहुल, जितेंद्र, अशोक, रमेश, हिमांशु, प्रियांश, राजू सहित अनेक लोग मौजूद थे।

You might also like