नहरी जल आपूर्ति शुरू कराने की मांग, विकास मंच सौंपेगा एसडीएम को ज्ञापन

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। नोखा शहर में नहरी पानी की आपूर्ति जल्द शुरू करवाने की मांग को लेकर विकास मंच नोखा द्वारा 29 सितंबर को उपखंड अधिकारी प्रिया बजाज को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस संबंध में जारी अपील में शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर नहरी जल आपूर्ति शुरू करवाने की मांग को समर्थन देने का आह्वान किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार, 29 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे संतोषी चौक से उपखंड कार्यालय तक नागरिकों एवं विकास मंच के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पहुंचकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन नगरपालिका अध्यक्ष बजरंग सोनी, नगरपालिका उपाध्यक्ष नारायण झंवर, विकास मंच के अध्यक्ष ललित झंवर तथा विकास मंच के पार्षदों सहित नोखा के भारी संख्या मे लोगो द्वारा उपखंड अधिकारी प्रिया बजाज को सौंपा जाएगा।
शहर की पेयजल समस्या को लेकर उठेगी आवाज
विकास मंच की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि नोखा शहर के नागरिक लंबे समय से नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति की आवश्यकता महसूस कर रहे हैं। ऐसे में शहर में नहरी पानी की सप्लाई जल्द से जल्द शुरू करवाने की मांग को प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से नहरी जल आपूर्ति की प्रक्रिया को गति देने तथा शहरवासियों को नियमित पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की जाएगी।
बड़ी संख्या में लोगों से पहुंचने की अपील
विकास मंच ने शहर के नागरिकों से अपील की है कि वे 29 सितंबर को सुबह 11 बजे संतोषी चौक पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और नहरी जल आपूर्ति शुरू करवाने की मांग को अपना समर्थन दें। इसके बाद सभी लोग एकजुट होकर उपखंड कार्यालय पहुंचेंगे और एसडीएम प्रिया बजाज को ज्ञापन सौंपेंगे। कार्यक्रम को लेकर विकास मंच के पदाधिकारियों एवं पार्षदों द्वारा लोगों से संपर्क कर अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। ज्ञापन कार्यक्रम के जरिए नोखा शहर की पेयजल व्यवस्था से जुड़े इस मुद्दे को प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा।

You might also like