17 अगस्त को 11 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना
संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर 17 अगस्त को राजस्थान सहित देशभर में 11 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। झुंझुनूं में भी विभिन्न विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, बैंकों, डाक, बीमा, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, संविदा व योजना कर्मियों सहित असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के शामिल होने की बात कही गई है।
भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री संदीप धाभाई ने बताया कि संगठन की ओर से ईएसआईसी की वेतन सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपए, न्यूनतम ईपीएफ पेंशन 7,500 रुपए व महंगाई राहत, ईपीएफ वेतन सीमा 30 हजार रुपए और राष्ट्रीय न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपए प्रतिमाह करने सहित 11 मांगें रखी जाएंगी। इसके अलावा संविदा कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन, योजना कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि, बैंक कर्मचारियों के लिए पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह और ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 20 लाख से बढ़ाकर 40 लाख रुपए करने की मांग भी शामिल है। उन्होंने बताया कि बढ़ती महंगाई, अस्थायी रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को लेकर श्रमिकों की मांगें सरकार के समक्ष रखी जाएंगी। बीएमएस ने श्रमिकों एवं कर्मचारियों से धरने में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।