युवा मतदाता एवं प्रशासन संवाद कार्यक्रम आयोजित

श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। मांगीलाल बागड़ी राजकीय महाविद्यालय, नोखा में गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को निर्वाचन साक्षरता क्लब ईएलसी के अंतर्गत युवा मतदाता एवं प्रशासन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मतदाता पंजीयन के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम में नोखा की उपखंड अधिकारी प्रिया बजाज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने कोई योग्य मतदाता छूटे नहीं का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। उन्होंने महाविद्यालय के सभी विद्यार्थियों से अपना शत-प्रतिशत मतदाता पंजीयन सुनिश्चित करवाने का आह्वान किया। बजाज ने युवाओं को मतदाता पंजीयन के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि मतदान लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। प्रत्येक योग्य मतदाता को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहना चाहिए और निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित नोखा तहसीलदार सुनीता चारण ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने युवा मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदाता सूची में अपना पंजीयन करवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की जागरूकता और सहभागिता से निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। महाविद्यालय की ओर से कार्यक्रम प्रभारी डॉ. रामकिशन चौधरी ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित लक्ष्य को सफल बनाने के लिए संस्था की ओर से पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित होकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता पंजीयन के महत्व तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

You might also like