सरपंच प्रत्याशियों व ग्रामीणों की बैठक आयोजित

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। राजलदेसर पुलिस थाने में थानाधिकारी बेगाराम मीणा के सान्निध्य में सरपंच पद के प्रत्याशियों एवं ग्रामीणों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। थानाधिकारी बेगाराम मीणा ने सभी प्रत्याशियों एवं ग्रामीणों से चुनाव प्रक्रिया में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे आपसी भाईचारे एवं शांति के साथ संपन्न करवाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधि से दूर रहने की बात कही। उन्होंने प्रत्याशियों से मतदाताओं को किसी प्रकार का लालच या प्रलोभन नहीं देने तथा स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की। साथ ही चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की बात कही। थानाधिकारी ने लाइसेंसी हथियार धारकों को निर्देश दिए कि चुनाव के मद्देनजर अपने लाइसेंसी हथियार निर्धारित स्थान पर पुलिस थाने में जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा विशेष निगरानी रखी जाएगी। बैठक में पुलिस अधिकारियों के अलावा सरपंच पद के प्रत्याशी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

You might also like