रूडीप के 26.81 करोड़ के विकास कार्यों पर संवाद
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । रूडीप के पांचवें चरण के अंतर्गत लाडनूं में प्रस्तावित 26.81 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को लेकर गुरुवार को पंचायत समिति सभागार में विधायक मुकेश भाकर की अध्यक्षता में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आरयूआईडीपी अधिकारियों ने प्रस्तावित परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए आमजन एवं जनप्रतिनिधियों से सुझाव और फीडबैक प्राप्त किया। संवाद कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षद इदरीश खान, मोहम्मद नदीम, मनसब खान एवं अमजद खान ने शहर की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सुनारी रोड पर लंबे समय से बंद पड़े रास्ते को शीघ्र खुलवाने, पेयजल पाइपलाइन में सीवरेज के गंदे पानी के रिसाव को रोकने तथा सीवरेज कार्यों के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की समय पर मरम्मत नहीं होने पर नाराजगी जताई।
विधायक मुकेश भाकर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े इन सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि संबंधित समस्याओं का निराकरण आगामी दो सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। ताकि आमजन को राहत मिल सके।
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी ममता लहुआ, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी हरेंद्र चौधरी, सीओ जितेंद्र सिंह सहित आरयूआईडीपी के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।