भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हुए एकजुट, पंचायत चुनावों को लेकर बजा बिगुल
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । आगामी पंचायत राज चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने कोयल गांव में प्रतापसिंह जोधा के फार्म हाउस पर बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की और सही उम्मीदवारों को भाजपा के टिकट से विजयी बनाने का निर्णय लिया। पूर्व प्रधान प्रतिनिधि प्रताप सिंह कोयल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में भाजपा के पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जगदीश सिंह राठौड़, पूर्व प्रधान बजरंग सिंह लाछड़ी, पंचायत समिति सदस्य ओमप्रकाश बागड़ा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ओड़ींट मंचस्थ रहे।
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जगदीश सिंह राठौड़ ने कहा कि वर्तमान राजनीति लूट की राजनीति है। अगले महीने पंचायत राज का चुनाव होना है। इस बार पंचायत समिति में साफ-सुथरा व्यक्ति जीते और पंचायत समिति में अच्छी छवि का व्यक्ति ही प्रधान बने। जगदीश सिंह ने कहा कि जाट समाज की भूमिका से ही भाजपा को फायदा होता रहा है। मनोहर सिंह को विधानसभा में भेजने में जाट समाज की अहम भूमिका रही थी। इस समाज को गले लगाने की जरूरत है, वही राजनीति सही रहती है। साथ ही भ्रष्टाचार और जातिवाद के खिलाफ अभियान की भी जरूरत है। उन्होंने बताया कि होस्पीटल हो, चाहे पंचायत समिति हो, सभी जगह भ्रष्टाचार व्याप्त है। पार्टी कार्यकर्ताओं के काम नहीं होते। इस तरह की व्यवस्था को सुधारने की जरूरत है। बैठक में पूर्व प्रधान जगन्नाथ बुरड़क ने कहा कि सरपंच गांव के लिए होगा, इसलिए इसमें कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ओड़ींट ने कहा कि कई बार ऐसे व्यक्ति को टिकट मिल जाती है, जो नेताओं को पसंद नहीं होता, लेकिन पसंद-नापसंद से नहीं हमेशा जीतने वाले को टिकट देनी चाहिए। ओमप्रकाश बागड़ा ने बैठक में कहा कि पिछली बार पंचायत समिति कांग्रेस की थी, तब उसमें पूरा भाई-भतीजावाद चला, भ्रष्टाचार चला। भाजपा के पंचायत समिति सदस्यों को कोई काम नहीं दिया गया। अब हमें सब को एकजुट रह कर भाजपा को विजयी बनानी है। पंचायत समिति के पूर्व प्रधान प्रतिनिधि प्रताप सिंह कोयल ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि लाडनूं में फैलते भ्रष्टाचार को मिटाने के लिए आप अपने उम्मीदवार निश्चित करें और उसे ही जिताएं। लाडनूं में गलत ट्रांसफर नीति अपना कर लोगों को समूह में हटाया जा रहा है। यह भी गलत है। उन्होंने सबको धन्यवाद ज्ञापित किया। इस बैठक में रघुवीर सिंह राठौड़, अनिल पिलानिया, मालगांव के पूर्व सरपंच रामदेवाराम, बालसमंद के पूर्व सरपंच भंवर सिंह अनेसरिया के पूर्व सरपंच हरजी राम, टोकी-चंद्राई के पूर्व सरपंच रामदेव राम, ओमदास स्वामी बेड़, महावीर स्वामी दुजार आदि प्रमुख लोगों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र से आए लोग उपस्थित रहे।