सीएचसी में डायलिसिस सेंटर खोलने के निर्देश
प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने दांता के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डायलिसिस सेंटर खोलने के निर्देश जारी किए हैं। डायलिसिस सेंटर की मांग रखते ही जिला कलेक्टर ने मौके पर सीएमएचओ को इस बारे में कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जिला कलेक्टर आशीष मोदी कल्याण आरोग्य सदन सांवली में एक कार्यक्रम में पहुंचे।डायलिसिस सेंटर के निरीक्षण के दौरान वहीं डायलिसिस करवा रहे दांतारामगढ़ क्षेत्र के डायलिसिस मरीजों ने जिला कलेक्टर से दांता के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डायलिसिस केंद्र खुलवाने की मांग रखी। मरीजों ने बताया कि दांतारामगढ़ व आसपास के गरीब एक दर्जन डायलिसिस मरीजों को सीकर, चौमूं , जयपुर डायलिसिस करवाने जाना पड़ता हैं। डायलिसिस मरीज राजेश वैष्णव ने बताया कि एक तरफ वे डायलिसिस से परेशान है। उन्होंने बताया डायलिसिस करवाना जितना उनके लिए मुश्किल नहीं है उससे ज्यादा परेशानी सीकर व अन्य स्थानों पर 50-60 किलोमीटर का सफर करना मुश्किल है। सप्ताह में दो दिन उनके लिए आना-जाना परेशानी भरा होता है।
जिला कलेक्टर ने डायलिसिस मरीजों की पीड़ा को समझते हुए मौके पर ही मौजूद जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अशोक महरिया को इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए।
बस स्टैंड के लिखित में आदेश जारी
डायलिसिस सेंटर अवलोकन के दौरान जिला कलेक्टर से सांवली के कल्याण आरोग्य सदन अस्पताल के बाहर बस स्टैंड खोलने की मांग रखी जिसे भी उन्हें तुरंत स्वीकार करते हुए मौके से ही मोबाइल पर जिला परिवहन अधिकारी को इस संबंध में लिखित आदेश जारी करने के निर्देश दिए। थोड़ी ही देर में जिला परिवहन अधिकारी ताराचंद बंजारा ने मेडिकल कॉलेज के सामने बस स्टैंड के आदेश जारी कर दिए। उन्होंने लिखित आदेश जारी किया है कि सीकर से खूड़ रोड़ पर संचालित सभी तरह की बसें अनिवार्य रूप से मेडिकल कॉलेज के सामने ठहराव करेंगी। ठहराव नहीं करने वाली बसों के खिलाफ कार्यवाही कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।