ब्लैकमेलिंग से परेशान युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

निसं
जयपुर (नवयत्न)। ब्लैकमेलिंग से परेशान एक युवक ने ट्रेन के आगे छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पत्नी लक्ष्मी चौधरी ने पड़ोस में रहने वाली विवाहिता और उसके पिता के खिलाफ शिप्रापथ थाने में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है। पत्नी का आरोप है, कि विवाहिता ने उसके पति के साथ कथित संबंधों के अश्लील वीडियो बनाकर करीब दो साल से उसे ब्लैकमेल किया और रुपए-गहने ऐंठे। एसआई संदीप बसेरा ने बताया कि जवाहर नगर के मुकेश नगर निवासी राजेंद्र चौधरी 34 सांगानेरी गेट के पास साड़ी की दुकान पर काम करता था। 30 अगस्त को उसने फनकिंगडम के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जयपुरिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पत्नी के अनुसार करीब आठ दिन पहले उसने राजेंद्र और पड़ोसी विवाहिता को साथ पकड़ लिया था। तब राजेंद्र ने कथित तौर पर बताया कि महिला अश्लील वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल कर रही है। लक्ष्मी का आरोप है, कि ब्लैकमेलिंग के कारण राजेंद्र पिछले दो साल में काफी रुपए और गहने दे चुका था। लक्ष्मी के मुताबिक 29 अगस्त शाम को राजेंद्र घर से 8 लाख रुपए और सोने.चांदी के गहने लेकर निकला था। उसने बताया था कि वह महिला और उसके पति को यह रकम देकर मामला सेटल करना चाहता है। इसी दौरान महिला का पति कथित तौर पर चाकू लेकर घर पहुंचा और राजेंद्र को जान से मारने की धमकी दी। रात करीब 10:30 बजे राजेंद्र ने पत्नी से वीडियो कॉल पर आखिरी बार बात की। वह रो रहा था और कथित तौर पर बोला कि उसका दिमाग काम नहीं कर रहा है। इसके बाद मोबाइल बंद हो गया।
पुलिस को अगले दिन फनकिंगडम के पास रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिला। जिस एक्टिवा से वह घर से निकला था, वह करीब 5 किलोमीटर दूर दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी मिली। पत्नी ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पड़ोसी विवाहिता और उसका पति घर पर ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर ब्लैकमेलिंग, रुपए-गहनों की मांग, वीडियो कॉल और अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है तथा नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है।

You might also like