ग्राम पंचायत में ग्रामीण सेवा शिविर का जिला कलेक्टर सुराणा ने किया अवलोकन
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा के मुख्य आतिथ्य में रतनगढ़ उपखंड की ग्राम पंचायत कुसुमदेसर में ‘ग्रामीण सेवा शिविर 2026 सुव्यवस्थित आयोजन किया गया। शिविर के दौरान जिला कलेक्टर ने ग्राम पंचायत में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन का धरातलीय जायजा लिया तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर सुराणा ने ग्राम पंचायत में स्थापित ‘लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह पुस्तकालय एवं बैंक’ का सघन अवलोकन किया। उन्होंने पुस्तकालय की व्यवस्थाओं तथा शिक्षा के प्रसार में इसके योगदान की सराहना की। इसके पश्चात उन्होंने परिसर में स्थापित देश के महान जांबाज लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह की भव्य मूर्ति का भी अवलोकन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शिविर के दौरान कुसुमदेसर के निर्वतमान सरपंच प्रतिनिधि पवन सिंह राठौड़ ने स्थानीय जनभावनाओं एवं आवश्यकताओं को रेखांकित करते हुए जिला कलेक्टर के समक्ष एक ज्ञापन प्रस्तुत किया। ज्ञापन के माध्यम से ग्राम पंचायत में पेयजल आपूर्ति हेतु ओवरहेड पानी की टंकी के निर्माण, मुख्य हाईवे के दुरुस्तीकरण एवं सुचारू यातायात हेतु हाईवे पर स्पीड ब्रेकर (गति अवरोधक) बनवाने तथा क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुसुमदेसर का नामकरण देश के गौरव स्वर्गीय लेफ्टिनेंट जनरल सगत सिंह के नाम पर करने की महत्वपूर्ण मांगें रखें। जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने सभी जनमांगों को अत्यंत गंभीरता से सुना और नियमानुसार जनहित में इन मांगों की त्वरित पूर्ति कराने हेतु आश्वस्त किया। उल्लेखनीय है कि इस विशेष ग्रामीण सेवा शिविर में आमजन को एक ही छत के नीचे त्वरित प्रशासनिक राहत प्रदान करने के उद्देश्य से कुल 22 विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने स्टॉल लगाकर उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण वासियों के विभिन्न राजस्व, विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर में जिला कलेक्टर के साथ उपखंड अधिकारी मिथिलेश कुमार, विकास अधिकारी जगदीश व्यास, अतिरिक्त विकास अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार किशन पूनिया, ग्राम विकास अधिकारी मुकेश स्वामी सहित विभिन्न संबंद्ध विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।