भीषण गर्मी के बीच गहराया पेयजल संकट, बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । कस्बे में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट लगातार विकराल रूप लेता जा रहा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि आमजन बूंद-बूंद पानी के लिए तरसने को मजबूर हैं। भाटी धोरा स्थित दोनों ट्यूबवेल पिछले कई दिनों से खराब पड़ी हैं, जिससे क्षेत्र में पानी की सप्लाई पूरी तरह प्रभावित हो गई है। वार्ड के लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की लापरवाही के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। तेज गर्मी में पानी की किल्लत से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई मोहल्लों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने से लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों और मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में भेजे जा रहे पानी के टैंकरों में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार हो रहा है। कई स्थानों पर भेदभावपूर्ण तरीके से पानी वितरण किया जा रहा है, जबकि कुछ इलाकों में टैंकर पहुंच ही नहीं रहे। इससे लोगों को दूर-दूर तक पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि सोमवार तक पेयजल व्यवस्था सुचारू नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। उनका कहना है कि कई बार प्रशासन और संबंधित विभाग को समस्या से अवगत करवाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। लोगों ने कहा कि राज्य सरकार आमजन के हित में अनेक योजनाएं चला रही है, लेकिन स्थानीय अधिकारी उन योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में विफल साबित हो रहे हैं। इस दौरान मेघवाल समाज के कालूराम तंवर, चंद्र सिंह भाटी, अमर सिंह भाटी, राम सिंह भाटी, किशन सिंह भाटी, हनुमान सिंह भाटी, पन्ना सिंह भाटी, कान सिंह, रामलाल भाट, खेताराम, पहलाद, सुरेश गवारिया, उदाराम, वीरू नायक, सांवरमल, मोहनलाल, शंकरलाल धेतरवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष मौजूद रहे।