राजा कोठी मार्ग पर गंदगी और जलभराव से लोगों का जीना मुहाल
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । कस्बे में नगर पालिका की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। राजा कोठी सड़क मार्ग पर फैली गंदगी और जलभराव से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे गैनाणी के मुख्य नाले में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मिट्टी और कचरा डाल दिए जाने से रास्ता अवरुद्ध हो गया, जिसके बाद नालियों का गंदा पानी सड़क पर फैल गया। मुख्य मार्ग पर गंदा पानी जमा होने से अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सड़क पर फैली गंदगी और बदबू से क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन को कई बार समस्या से अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। उपस्थित लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। गंदगी और जलभराव के कारण क्षेत्र में मौसमी बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। राहुल, विनोद और सागरमल प्रजापत ने बताया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि सड़क पर फैले गंदे पानी के कारण बच्चों और मरीजों को निकलने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस दौरान रमाकांत, पहलवान तथा लालचंद माली सहित कई स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।