वार्ड में पेयजल संकट, महिलाओं का हाई वे पर फूटा गुस्सा
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । शहर के वार्ड संख्या 35 और 37 में लगातार गहराते पेयजल संकट से परेशान महिलाओं का गुस्सा हाई-वे पर फूट पड़ा। लंबे समय से पानी की समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज महिलाएं गुरुवार को बलखी गैरेज के पास सड़कों पर उतर आईं और विरोध प्रदर्शन करते हुए रास्ता जाम करने का प्रयास किया। महिलाओं ने सड़क और स्टेडियम मार्ग पर पत्थर रखकर प्रशासन और जलदाय विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कई दिनों से नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे आमजन और महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पानी के लिए महिलाओं को दूर-दूर तक भटकना पड़ता है और बार-बार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं होने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मामले की सूचना मिलने पर तहसीलदार अनिरुद्ध पांडे के निर्देश पर जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता दीन मोहम्मद एवं पुलिस डीओ नवाब खान मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिलाओं से समझाइश कर मामला शांत कराया तथा जल्द समस्या समाधान का आश्वासन भी दिया। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।