सरदारशहर विधायक भंवरलाल के भाई सहित चार के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज

सरदारशहर,(कुलदीप राव)30 मई। भानीपुरा थाने में सरदारशहर विधायक भंवरलाल शर्मा के भाई सहित चार जनों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ है।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता ने रिपोर्ट दी कि उसकी शादी बचपन में राजासर चौरड़िया निवासी एक व्यक्ति से हुई थी। उम्र कम होने के कारण उसका ससुराल में आना जाना नहीं था और वह जाना भी नहीं चाहती थी। उन दिनों विधायक भंवरलाल शर्मा के भाई व गांव के ही श्यामलाल का उसके घर आना जाना था। जो उस पर बुरी नजर रखता था। करीब दो साल पहले पीड़िता के परिजन आरोपी श्यामलाल के ईंट भट्टे पर गए हुए थे। इस दौरान आरोपी श्यामलाल ने पीड़िता के घर आकर उससे दुष्कर्म किया। आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर पीडि़ता के भाइयों को जान से मरवाने की धमकी दी। डर के मारे पीड़िता ने उस समय ये बात किसी को नहीं बताई।

बाद में पांडुसर निवासी अशोक मेघवाल को घटनाक्रम के बारे में बताया तो उसने श्यामलाल को उलाहना दिया। जिस पर श्यामलाल अशोक से भी रंजिश रखने लगा। बाद में 15 मार्च को उसके पिता, ताऊ व मौसा पीड़िता को सरदारशहर ले गए। वहां से संगम होटल सावर ले गए। परिवार के सदस्य होटल के बाहर बैठ गए और आरोपी श्यामलाल ने उसे होटल में ले जाकर ठंडे में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। पीड़िता बेहोश हो गई तो आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

बाद में आरोपी विजय, लालचंद व दलीप पीड़िता को जबरन गाड़ी में डालकर कोला गांव ले गए। वहां दो महीने तक बंधक बनाए रखा। यहां आरोपी लालचंद व विजय शराब पीकर मारपीट करते व दुष्कर्म करते। 22 मई को उसने अशोक को फोन कर घटनाक्रम की जानकारी दी। तो उसने उसे बुला लिया। रात को पीड़िता मौका पाकर भाग कर अशोक के मामा के घर आ गई।

पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। इस संबंध में विधायक भंवरलाल शर्मा के भाई श्यामलाल का कहना है कि उस पर लगाए गए आरोप निराधार है। राजनीतिक द्वेषतावश ये आरोप लगाए गए हैं।

You might also like