वाकपीठ संगोष्ठी में शिक्षा नवाचारों पर हुआ मंथन
निसं
बुगाला (नवयत्न) । सेठ गणेशनारायण सौंथलिया अतिथि भवन जाखल में राउमा विद्यालय के तत्वावधान में वाक्पीठ संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि नवलगढ़ विधायक विक्रम सिंह जाखल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता झुंझुनूं के सीडीईओ अशोक शर्मा ने की। कार्यक्रम के संरक्षक नवलगढ़ सीबीईओ आत्माराम रहे। संगोष्ठी में वाक्पीठ अध्यक्ष राजेंद्र दड़िया, सचिव सुशील रामुका, उपसचिव वेदकौर, कोषाध्यक्ष रोहिताश मीणा, संयोजक सुरेन्द्र कुमार पारीक, एसीबीईओ कुलदीप पूनिया, भामाशाह सेठ श्याम सुंदर सौंथलिया,आरपी अशोक कुमार, प्रधानाचार्य बीरबल सूंडा, राजपाल गोदारा, उमेश मिठारवाल, रोहिताश कुमार, संजय सोमरा, विनयशील, आशा टांक, इंदु टेलर, शिवनाथ सिंह कालेर, रायसिंह महला,विनोद लोहिया, संजू नेहरा, सुंदरलाल सैनी, प्रभुदयाल, सुरेंद्र कुमार गर्वा सहित अनेक शिक्षाविद उपस्थित रहे। संगोष्ठी में शिक्षा के विभिन्न आयामों पर चर्चा हुई। प्रमुख विषयों में अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में नवाचार, नामांकन वृद्धि के प्रभावी उपाय, आईसीटी लैब का छात्रहित में प्रभावी उपयोग, ट्रांसपोर्ट वाउचर व्यवस्था, परीक्षा परिणाम में सुधार, विद्यालय संबलन, जनसहयोग तथा खेल गतिविधियों के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल रहे। वक्ताओं ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नवाचार और सामुदायिक सहभागिता को अत्यंत आवश्यक बताया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विक्रम सिंह जाखल ने कहा कि नवलगढ़ ब्लॉक के 81 उच्च माध्यमिक विद्यालयों में खेल गतिविधियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से विधायक निधि से प्रत्येक विद्यालय को 25 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवलगढ़ की युवा शक्ति खेलों के माध्यम से नई ऊँचाइयों को छुएगी और प्रदेश व देश का नाम गौरवान्वित करेगी। साथ ही उन्होंने नामांकन वृद्धि पर विशेष जोर दिया।