स्वच्छता में टॉप बनाने की दिशा में प्रयास तेज

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । स्वच्छता सर्वेक्षण 2026-27 को ध्यान में रखते हुए शहर को जिले में अग्रणी रखने का प्रयास किया जा रहा है। शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए नगरपालिका प्रशासन द्वारा व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। शहर के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, सरकारी विद्यालयों, राजकीय अस्पतालों, मंदिर, मस्जिदों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने के उद्देश्य से डस्टबिन लगवाए जा रहे हैं।
एसडीएम ने किया अभियान का शुभारंभ:
स्वच्छता अभियान का शुभारंभ गुरुवार को उपखंड अधिकारी मीनू वर्मा, तहसीलदार अनिरुद्ध पांडे एवं अधिशाषी अधिकारी हरेंद्र सिंह चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। अधिकारियों ने इस पहल को शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक अहम कदम बताया। ई.ओ हरेंद्र सिंह चौधरी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे स्वच्छता ऐप डाउनलोड कर उसमें सक्रिय भागीदारी निभाएं और शहर को स्वच्छता रैंकिंग में आगे लाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि
शहर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए दीवारों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग, प्रेरणादायक स्लोगन लिखवाए जा रहे हैं, जिससे आमजन में जागरूकता बढ़ेगी। इसके साथ ही सामुदायिक शौचालयों, पब्लिक टॉयलेट एवं यूरिनल की मरम्मत और सौंदर्यकरण का कार्य भी तेज़ी से किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इसके अलावा शहर के डंपिंग यार्ड के चारों ओर फेंसिंग एवं दीवार निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है, जिससे कचरा प्रबंधन अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित हो सकेगा।

You might also like