बुजुर्ग से लूट, रास्ता पूछने के बहाने बाइक पर बैठाया

डी. के. सैनी 

जयपुर (नवयत्न)। जामडोली थाना इलाके से बुजुर्गों की सुरक्षा पर सवाल उठाने वाली एक वारदात सामने आई है। यहां रास्ता पूछने के बहाने बाइक सवार दो बदमाशों ने एक 70 वर्षीय बुजुर्ग को लिफ्ट दी और फिर सुनसान जगह ले जाकर उनके साथ लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
एएसआई  शिवदयाल ने बताया कि रूपलाल मीणा (70) जगतपुरा निवासी बुधवार शाम करीब साढ़े 6 बजे  तिलक हॉस्पिटल के पास से पैदल जा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके पास आए और रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया। बातचीत के दौरान बदमाशों ने बुजुर्ग को अपनी बातों में फंसाया और मदद करने व रास्ता बताने के बहाने उन्हें झांसा देकर अपनी बाइक पर बैठा लिया और रास्ते में एक सुनसान जगह देखकर बाइक रोक दी। वहां दोनों बदमाशों ने बुजुर्ग को डराया-धमकाया और जबरन उनके गले की सोने की चेन और जेब से पर्स छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने बुजुर्ग को धक्का मारकर बाइक से नीचे गिरा दिया और मौके से फरार हो गए। लूट का शिकार हुए पीड़ित बुजुर्ग ने जैसे-तैसे थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई। पुलिस ने पीड़ित कि शिकायत पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर हुलिए के आधार पर सरगर्मी से उनकी तलाश शुरु कर दी है।
You might also like