ओवरलोड ट्रक से बिजली पोल टूटा, हादसे में कार हुई क्षतिग्रस्त

निसं
सिंघाना (नवयत्न) । सिंघाना कस्बे में वाटर बॉक्स के पास गुरुवार को ओवरलोड ट्रक की लापरवाही के चलते बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ओवरलोड ट्रक सड़क किनारे लगे बिजली के तारों में उलझ गया, जिससे बिजली का पोल टूटकर पीछे से आ रही स्विफ्ट कार पर जा गिरा। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार में सवार चार यात्री बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार गाड़ी में सवार चारों यात्री निजामपुर से सिंघाना में एक गमी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे थे। इसी दौरान वाटर बॉक्स के पास तेज गति से आ रहा ओवरलोड ट्रक बिजली के तारों में उलझ गया। तारों पर खिंचाव पड़ने से बिजली का पोल टूटकर सड़क से गुजर रही स्विफ्ट कार के ऊपर जा गिरा। अचानक पोल गिरने से कार में सवार लोगों में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि पोल गिरने के बावजूद कार में सवार चारों यात्रियों को कोई चोट नहीं आई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस तथा बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं बिजली विभाग की टीम ने क्षतिग्रस्त पोल और तारों को दुरुस्त करने का काम शुरू किया। हादसे के कारण कुछ समय तक क्षेत्र की बिजली व्यवस्था भी प्रभावित रही। स्थानीय लोगों ने ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा सड़क किनारे बिजली लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। एचसी रामस्वरूप ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को जब्त कर थाने लाया गया है। ट्रक ड्राइवर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है तथा उसे जल्द गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी ‌।

You might also like