जीबी मोदी के नित्यम और तेजस ने स्केटिंग में जीता गोल्ड, बास्केटबॉल में दूसरा स्थान
हर्ष सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। बाकरा रोड स्थित जीबी मोदी विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने एसएस मोदी विद्या विहार में आयोजित चौथी स्वर्गीय श्री सूर्यकांत मोदी खेल-कूद प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। अंडर-11 आयु वर्ग की स्केटिंग प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र नित्यम ने 300 मीटर में प्रथम और 500 मीटर में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-14 वर्ग में तेजस ने 500 मीटर और 1000 मीटर में प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड जीता। इसी वर्ग में सहज ने 1000 मीटर में द्वितीय और 1500 मीटर में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 छात्र वर्ग की बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भी विद्यालय की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसी वर्ग में विद्यालय की छात्राओं ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर अच्छा प्रदर्शन किया। विद्यालय के सचिव श्रवण कुमार केजड़ीवाल और प्रधानाचार्य मनीष कुमार माटोलिया ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।