बिसाऊ में चेयरमैन की कुर्सी पर नजर, भाजपा-कांग्रेस में टिकटों को लेकर मंथन तेज

निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। नगर पालिका बोर्ड पर कब्जे को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने जिताऊ प्रत्याशियों को मैदान में उतारने की कवायद तेज कर दी है। दोनों दलों में टिकटों को लेकर बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। इस बार पालिका अध्यक्ष की सीट सामान्य महिला के लिए आरक्षित होने से टिकट की राजनीति और भी दिलचस्प हो गई है। दोनों ही दलों में कई नेता अपनी पत्नियों को पार्षद का टिकट दिलाकर अध्यक्ष पद की दौड़ में उतारने की जुगत में लगे हैं। बिसाऊ नगर पालिका में 25 पार्षद चुने जाने हैं। इनमें 9 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। शेष सामान्य श्रेणी के वार्डों में भी महिलाओं के चुनाव मैदान में उतरने की संभावना है। ऐसे में बोर्ड में इस बार महिलाओं की संख्या 15 या उससे अधिक पहुंचने की चर्चा है। आधा दर्जन से अधिक महिलाएं अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी में बताई जा रही हैं।
भाजपा की बैठक में टिकट को लेकर नाराजगी
शनिवार को भाजपा की ओर से कसेरा भवन में टिकटों को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें पूर्व सांसद नरेन्द्र खिचड़, वरिष्ठ नेता डॉ. हरिसिंह सहारण, पूर्व एवं वर्तमान मंडल अध्यक्षों सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में संभावित प्रत्याशियों और टिकट वितरण को लेकर चर्चा हुई। बैठक में कुछ चुनिंदा कार्यकर्ताओं को ही सूचना दिए जाने और अन्य कार्यकर्ताओं को बैठक से दूर रखने को लेकर नाराजगी के स्वर भी सामने आए। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। कुछ कार्यकर्ताओं ने जिताऊ और सक्रिय कार्यकर्ताओं की दावेदारी को नजरअंदाज किए जाने पर भी नाराजगी जताई। बैठक से मीडिया कर्मियों को दूर रखा गया।
कांग्रेस में सिर्फ पार्षद का चुनाव लड़ो का मंत्र
इधर कांग्रेस में जिला अध्यक्ष एवं विधायक रीटा चौधरी ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनाव में जिताऊ प्रत्याशियों को टिकट देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को फिलहाल चेयरमैन पद की बजाय पार्षद का चुनाव लडऩे पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। कांग्रेस खेमे में इस रणनीति का असर यह बताया जा रहा है कि टिकट वितरण को लेकर फिलहाल खुलकर कोई बड़ी नाराजगी सामने नहीं आई है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि कांग्रेस का बोर्ड बनाने में बिसाऊ के तीन भामाशाह पर्दे के पीछे अहम भूमिका निभा सकते हैं।
हारून खत्री का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इधर शनिवार को भाजपा के पूर्व पालिका अध्यक्ष हारून खत्री ने अपने बंगले पर जन्मदिन के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें महिला डांसरों के नृत्य का कार्यक्रम भी हुआ, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में युवा पहुंचे। इसी कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में हारून खत्री मंच के आसपास चहल-कदमी करते हुए भाषण देते नजर आ रहे हैं। उनके आसपास बॉडीगार्ड भी दिखाई दे रहे हैं और कमर पर रिवॉल्वर नजर आ रही है। वायरल वीडियो में खत्री कथित तौर पर टाइगर जीतकर फिर लौटकर आएगा, युवाओं को हारून खत्री चाहिए सहित कई बातें कहते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वे समर्थकों को संबोधित करते हुए अपने अंदाज में यह भी कहते नजर आ रहे हैं कि आप लोगों की हिम्मत से मैं टाइगर बना हूं और खत्री किसी का मोहताज नहीं है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर बिसाऊ की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

You might also like